ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मस्जिदुल हराम की घटना में घायल होने वाले व्यक्तियों के उपचार के लिए डाक्टरों की एक टीम भेजने और इस्लामी देशों के घायल होने वाले व्यक्तियों के उपचार हेतु अपनी तत्परता की घोषणा की है।
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी करके सऊदी अरब के पवित्र नगर मक्का में क्रेन घटना में हताहत व घायल होने वाले व्यक्तियों के प्रति खेद जताया और घायल व्यक्तियों के उपचार हेतु तेहरान की तत्परता की घोषणा की है।
शुक्रवार की शाम को मक्का में काबे के पास एक क्रेन टूट गयी थी जिसमें कम से कम १०७ व्यक्ति हताहत जबकि २३८ घायल हुए हैं जबकि इससे पहले मरने वाले व्यक्तियों की संख्या ८७ बताई गयी थी। घायल होने वालों में २५ ईरानी हाजी भी शामिल हैं। इसी तरह घायल होने वालों में भारत, पाकिस्तान और इंडोनेशिया सहित विभिन्न देशों के नागरिक शामिल हैं।
यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई है जब विभिन्न देशों के कई लाख नागरिक हज करने के लिए सऊदी अरब के पवित्र नगर मक्का पहुंच चुके हैं।